प्रखण्ड कार्यालय ठाकुरगंज के सभागार में अहमर अब्दाली, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में कई महत्त्वपूर्ण विषयों पर स्थानीय मुखिया एवम पंचायत समिति सदस्यों के साथ जानकारी साझा की गई।बैठक में सर्वप्रथम ज्ञान भारतम मिशन की जानकारी देते हुए है उपस्थित सदस्यों से अनुरोध करते हुए कहा गया कि पांडुलिपि के रूप में हमारी अमूल्य विरासत को संरक्षित करने हेतु केंद्र सरकार के द्वारा चलाये जा रहे इस महत्वपूर्ण मिशन में बढ़ चढ़ कर भाग लें।
इस मिशन में लगभग 75 साल पुरानी पांडुलिपियों को डिजिटली ऐप के माध्यम से संरक्षित किया जाना है। कागज़, ताम्र पत्र, कपड़े आदि पर किसी भी भाषा में लिखावट जो लगभग 70-75 साल वर्ष पुरानी है को डिजिटली संरक्षित किया जाना है। बी डी ओ ने उपस्थित सभी सदस्यों इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने हेतु अनुरोध किया।
नेपाल सीमा से सटे होने के कारण नेपाली महिलाएं जिनकी शादी भारतीय नागरिक से हुई है, के भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के संबंध में बी डी ओ ने विस्तार से जानकारी दी। ज़िला प्रशासन के निदेश पर लगभग 02 सप्ताह पूर्व प्रखंडों में इस संबंध में जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया जा चुका है।
बिहार सरकार के निदेश के आलोक में महीने के प्रथम एवं तीसरे मंगलवार को आम जनमानस के सुलभता हेतु ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाना है। इस महीने 19 मई 2026 को ठाकुरगंज प्रखण्ड के ग्राम पंचायत कुकरबाघी, पथरिया एवं रसिया में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिदिन इन पंचायतों में अवस्थित पंचायत भवन/मनरेगा भवन में कैम्प का आयोजन कर स्थानीय व्यक्तियों से उनकी समस्याओं के निष्पादन हेतु आवेदन प्राप्त का निष्पादित किये जा रहे हैं।
बी डी ओ ने उपस्थित प्रतिनिधियों से दिनाँक 02 मई 2026 से चल रही भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण के कार्यों के संबंध में जानकारी साझा कर बताया कि दिनाँक 31 मई 2026 तक प्रथम चरण की जनगणना की जाएगी।इसमें घर घर जाकर प्रगणकों के द्वारा 33 प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। संपूर्ण कार्य डिजिटली किया जा रहा है।
इसलिए OTP के नाम पर धोखाधड़ी की सम्भावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को आई कार्ड जारी किए गए हैं। सभी प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि लोगों के बीच जागरूकता फैलाएं की प्रगणक अथवा पर्यवेक्षक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के पूछने पर OTP नहीं देंगे। प्रगणक प्रत्येक घर मे जाएंगे और अपना आई कार्ड दिखाएंगे। बी डी ओ ने बताया कि सभी का यह दायित्व है कि प्रगणकों के द्वारा पूछे गए सवाल का सटीक सटीक जवाब दें।
पंचायत निर्वाचन 2026 के लिए प्रारूप प्रपत्र 01 का जनप्रतिनिधियों के द्वारा अवलोकन किया गया। दिनाँक 04 मई 2026 को प्रपत्र 01 का प्रारूप प्रकाशन प्रखंड कार्यालय एवं सभी पंचायत कार्यालयों में किया जा चुका है। दिनाँक 18 .05.2026 तक इस संबंध में दावा/आपत्ति प्रखण्ड कार्यालय में प्राप्त कराई जा सकती है।


























