पहला शिविर 19 मई को
कटिहार – विकास भवन सभागार में सहयोग शिविर, जिला स्तरीय समन्वय समिति तथा प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप का विस्तारपूर्वक समीक्षात्मक बैठक आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की। सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर”का आयोजन किया प्रस्तावित हुआ है।
यह शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को संबंधित पंचायत सरकार भवन अथवा निकटवर्ती सार्वजनिक स्थल पर आयोजित होगा। जिले में प्रथम शिविर 19 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा।शिविर का उद्देश्य आमजनों को अपनी समस्याएँ, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना तथा उनका समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है। इसके लिए 30 दिन पूर्व से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का पंजीकरण एवं निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाएगा।
इस शिविर में राजस्व से संबंधित मामले:-
दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र आदि। सरकारी योजनाएं:- आवास, पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, लेबर कार्ड, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मुख्यमंत्री परिवहन योजना, वाहन अनुज्ञप्ति, दुर्घटना अनुग्रह अनुदान, आपदा अनुग्रह अनुदान आदि। प्रमाण पत्र:-आय, जाति, निवास एवं अन्य प्रमाण पत्रों का वितरण।
पुलिस विभाग से संबंधित मामले:-
शिकायत, एफआईआर,पारिवारिक विवाद, चरित्र सत्यापन, महिला सुरक्षा एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को प्रदान की जाएगी।
उक्त शिविर के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। किसी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उक्त शिविर को अनुश्रवण हेतु जिला स्तरीय अनुश्रवण कोषांग का गठन किया गया है। शिविरों की तैयारियों एवं क्रियान्वयन के पर्यवेक्षण हेतु पदाधिकारियों की जिला स्तरीय अनुश्रवण कोषांग गठित की गई है।
अपर समाहर्ता नोडल पदाधिकारी,
उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्त्ता सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात कटिहार शामिल है ।इस जिला स्तरीय अनुश्रवण कोषांग के द्वारा रियल टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से सतत समीक्षा की जाएगी, एवं कोषांग प्रतिदिन पंचायतों में प्राप्त आवेदनों के संकलन, निष्पादन की विवरणी तथा पर्यवेक्षण से संबंधित प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराएगा।
इसके अलावे समन्वय समिति के सभी पदाधिकारियों के साथ के पीपीटी के माध्यम से सभी संबधित विभागों शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों की गतिविधियों तथा योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के निर्देश दिए। साथ ही भारत जनगणना 2027 का प्रथम चरण पूरे जिले में दिनांक 02.05.2026 से प्रारंभ हो गया है। इस कड़ी में प्रथम तीन दिन 02.05.2026 से 04.05.2026 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं तथा मकानों की नंबरिंग एवं नजरी नक्सा चित्रांकन तैयार कर रहे हैं।
इस कार्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मकान छूटने न पाए और न ही किसी मकान की दो बार गणना हो के आलोक में वहाँ उपस्थित सभी पदाधिकारीगण को निदेश दिया गया कि अपने स्तर से इस कार्य को सफल बनाने हेतु हर संभव सहायता करना सुनिश्चित करेंगे। दिनांक 05.05.2026 से 31.05.2026 तक प्रगणक/पर्यवेक्षक प्रत्येक मकान/घर में जाकर मकानों में उपलब्ध आवश्यक संसाधनों से संबंधित 33 प्रश्नावली को निर्धारित मोबाइल एप (census2027- Houselist App) के माध्यम से भरेंगे। साथ ही, जिन व्यक्तियों द्वारा स्वयं गणना स्वगणना की गई है। उनकी स्वगणना आईडी लेकर पूर्णावलोकन करते हुए सभी प्रविष्टियों की पुष्टि की जाएगी।
जिला पदाधिकारी के द्वारा जिले के सभी जनसाधारण से अपील है कि वे अधिकाधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें एवं इस पहल का लाभ उठाएं। बैठक में जिला पदाधिकारी के साथ नगर आयुक्त नगर निगम संतोष कुमार , अपर समाहर्ता डॉ, विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुमार धनंजय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारीगण के अतिरिक्त जिले के सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण मौजूद रहे ।

























