रोशना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
लिखित आवेदन के आलोक में आगे की कार्रवाई में जुटी
प्राणपुर/कटिहार-बिहार बंगाल की सीमा पर अवस्थित रोशना थाना क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा किया है। 3 मई की रात मकई खेत देखने गए एक व्यक्ति की हत्या कर शव को घाट किनारे फेंक दिया गया। जिसका खुलासा अगले दिन सुबह तब हुआ जब मृतक मंटू सिंह (45) के भाई ने आवेदन दिया।
आवेदन में बताया गया कि वह रात करीब 8 बजे इंग्लिश घाट के पास अपने मकई खेत देखने गया था । जिसके बाद वे वापस नहीं लौटा। सुबह खोजबीन के दौरान इंग्लिश घाट के कछार से उनका शव बरामद हुआ। मृतक के पत्नी का निधन 2 वर्ष पूर्व हो गया है तथा एक मात्र लड़का 11 वर्ष का है। घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक के भाई द्वारा आवेदन में दक्षिणी लालगंज पंचायत के वर्तमान मुखिया जुलूम सिंह, उनके बेटे सहित परिवार के अन्य तीन सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि पहले से विवाद चल रहा था और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि रात में इतनी बड़ी वारदात हो जाती है और किसी को भनक तक नहीं लगती। ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।इस पर अब चर्चा तेज हो गई है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। इस संबंध में रोशना थानाध्यक्ष मासूम कुमारी से पूछे जाने पर उन्होने बताया कि मृतक के भाई द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है।शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया तथा घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल पर साक्ष्य संकलित कर रहा है। लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

























