बारसोई /कटिहार – किशोरियों को भविष्य में होने वाले सवाईकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए बारसोई प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के द्वारा प्रखंड क्षेत्र में जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग का भी व्यापक सहयोग लिया जा रहा है।
इसी सिलसिले में नगर पंचायत बारसोई स्थित मध्य विद्यालय मौलानापुर तथा कन्या मध्य विद्यालय बारसोई बाजार में टीकाकरण अभियान शनिवार को चलाया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मुमताज़ अहमद तथा अनुमंडलीय अस्पताल बारसोई उपाधीक्षक डॉ एमए उस्मानी की अगुवाई में उक्त दोनों ही विद्यालयों में 14 वर्ष की आयु वाली किशोरियों को एचपीवी के टिके लगाए गए।
इस संबंध में बीईओ ने बताया कि मध्य विद्यालय मौलानापुर 22 तथा कन्या मध्य विद्यालय बारसोई बाजार में 25 छात्राओं का टिकाकरण किया गया है। मौके पर डॉ. उस्मानी ने बताया कि सवाईकल कैंसर एक गंभीर बीमारी है। आम बोलचाल की भाषा में इसे बच्चेदानी का कैंसर भी कहा जाता है।
इस कैंसर का मुख्य कारण ह्युमन पेपिलोमा नामक वायरस है। एचपीवी का टीका उक्त कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी टीकाकरण है। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित व निःशुल्क है। इस दौरान डॉ सालीम अहमद, डॉ दीपक कुमार, डॉ. इंतजार हासमी, मौलानापुर प्रधानाध्यापक शैलेश कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे ।




























