किशनगंज:जनगणना कार्य में तेजी लाने को लेकर बीडीओ ने की समीक्षा बैठक

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय परिसर में शुक्रवार को जनगणना कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के सभी 265 प्रगणक एवं 43 सर्किल सुपरवाइजर उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार ने की। इस दौरान प्रखंड में चल रहे सर्वेक्षण एवं जनगणना कार्यों की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया तथा कार्य को सुचारु एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि जनगणना कार्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना का हिस्सा है, जो भविष्य की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए इस कार्य को पूरी पारदर्शिता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।उन्होंने डेटा संग्रहण के दौरान प्रत्येक जानकारी को सही और सत्यापित रूप में दर्ज करने पर विशेष जोर दिया।

बीडीओ ने सर्किल सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों की नियमित निगरानी करें और यदि कहीं कोई त्रुटि या समस्या सामने आती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फील्ड कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों को आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से दूर किया जा सकता है।बैठक में तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष चर्चा की गई।

अधिकारियों द्वारा डिजिटल माध्यम से डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया को सरल और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। सभी कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया, ताकि जनगणना कार्य तय अवधि के भीतर पूर्ण हो सके।


अंत में बीडीओ ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और तत्परता के साथ करेंगे, जिससे प्रखंड स्तर पर जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई