बरारी में सांसद प्रतिनिधि का दौरा
कटिहार – रविवार को सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने बरारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जनसुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी पहुंचकर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सकों और कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने इलाज, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। साथ ही निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने गंगा घाट पहुंचकर वहां चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्रवासियों को कटाव की समस्या से राहत मिल सके।
मौके पर उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उसके तहत वे लगातार बरारी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। जनता की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों की निगरानी उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। मौके पर सिमरनजीत सिंह,जहांगीर आलम सहित कई कांग्रेस नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



























