बंगाल विधान सभा चुनाव को लेकर बिहार बंगाल सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा,वाहनों की सघन तलाशी

SHARE:

किशनगंज /प्रतिनिधि

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान का सीधा असर पड़ोसी राज्य बिहार के किशनगंज जिले में रहा।मतदान के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।सीमा से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। मतदान के कारण इसका असर जनजीवन और बाजारों पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त होने और आवागमन पर लगी पाबंदियों के कारण किशनगंज के बाजार और बस स्टैंड में अन्य दिनों जैसा आवागमन नहीं था।

किशनगंज जिले के करीब आधा दर्जन थाना क्षेत्र पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे हुए हैं। इन क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है की बंगाल और बिहार के लोगों का रोजाना का आना-जाना बना रहता है। हालांकि, चुनावी सरगर्मी और एहतियाती सुरक्षा उपायों के चलते गुरुवार को बाजारों में अन्य सामान्य दिनों की तुलना में कमी देखी गई।व्यापारियों ने बताया कि सीमा पार से आने वाले ग्राहकों की संख्या न के बराबर रही। आम नागरिक भी एहतियात बरतते हुए घर से बाहर निकलने से बचते दिखे। शहर में केवल वही लोग दिखाई दिए जो स्वास्थ्य संबंधी अति आवश्यक कार्यों से पहुंचे थे।

बाजारों के अलावा, शहर का मुख्य बस स्टैंड भी गुरुवार को अन्य दिनों की अपेक्षा अलग दिखा।बंगाल चुनाव के मद्देनजर अंतर्राज्यीय बस सेवा प्रभावित हुई।बंगाल से बिहार आने वाली और यहां से जाने वाली अधिकांश बसों का परिचालन दिन कम रहा। सुबह से लेकर शाम तक किशनगंज बस स्टैंड से बंगाल की ओर जाने वाली या वहां से आने वाली बसों की संख्या कम रही। इक्की-दुक्की बसें ही सड़कों पर दिखाई दीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन द्वारा सीमावर्ती इलाकों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। सीमा पार से संदिग्धों की आवाजाही रोकने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सीमाओं को सील कर दिया गया था। जिसका असर किशनगंज के आर्थिक और परिवहन तंत्र पर साफ तौर पर दिखाई दिया। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है की जब तक विशेष आवश्यकता न हो, सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर यात्रा करने से बचें।

सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में 49 चेक पोस्ट बनाए गए है।कुल 10 मिरर चेक पोस्ट बनाए गए है।मिरर चेक पोस्ट बंगाल के चेक पोस्ट के समानांतर है। जिले की सीमा से सटे बालीचुका व रामपुर में बंगाल पुलिस के द्वारा चेक नाका बनाया गया है। जहां बंगाल पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। डीएम विशाल राज , एसपी संतोष कुमार, एसडीएम अनिकेत कुमार व एडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह लगातार सीमावर्ती चेक पोस्ट का मुआयना कर रहे थे।डीएम व एसपी बुधवार की देर रात तो सीमावर्ती चेक पोस्ट का मुआयना करते रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई