भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की बड़ी कार्रवाई, 06 मवेशी जब्त

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन के बीओपी पेकटोला में तैनात जवानों ने तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात्रि 06 मवेशियों को जब्त किया। यह कार्रवाई बीओपी कमांडर एसआई/जीडी कैलाश धन एवं असिस्टेंट कमांडेंट बलदेव सिंह के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्ती अभियान के तहत बॉर्डर पिलर संख्या 154/1 के निकट एसएसबी जवानों द्वारा नाका गश्ती की जा रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी गई। जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
बताया जाता है कि मवेशी तस्कर अवैध रूप से मवेशियों को भारत से नेपाल ले जाने की फिराक में थे।

जैसे ही तस्करों की नजर जवानों की गतिविधि पर पड़ी, उन्होंने अंधेरे का लाभ उठाते हुए मक्का के खेतों के रास्ते नेपाल की ओर भागने में सफलता हासिल कर ली। हालांकि, जवानों ने मौके से 06 मवेशियों को जब्त कर लिया।


एसएसबी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि सीमा पर किसी भी प्रकार की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

इस प्रकार की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। जब्त मवेशियों को आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। एसएसबी ने स्पष्ट किया कि सीमा की सुरक्षा और तस्करी पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई