समारोह में ग्रामीणों की रही भागीदारी
बरारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिवाना में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राम कुमार के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड शिक्षिका अनसुईया त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार व अन्य विद्यालयों के प्रधान एवं शिक्षक एवं स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति से कार्यक्रम गरिमामय हो गया।समारोह की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई।
बच्चों ने गीत और नृत्य के माध्यम से अपने प्रधानाध्यापक के प्रति सम्मान व्यक्त किया, जिससे वातावरण भावुक हो गया। इसके पश्चात शिक्षकों एवं अतिथियों ने सेवानिवृत्त प्रधानाध्यपक राम कुमार तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक मीनू कुमारी को फूलमाला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार दास, सच्चिदानंद दास,भगत सिंह,पीताम्बर मंडल,अमरदीप कुमार,प्रीतम कुमार एवं कामख्या नारायण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राम कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, अनुशासन कायम रखने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम योगदान दिया।
वक्ताओं ने कहा कि उनकी कार्यशैली और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राम कुमार ने कहा कि विद्यालय परिवार और ग्रामीणों से मिला स्नेह उनके लिए जीवनभर यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी और आगे भी समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पल भावुक जरूर है,
लेकिन यहां की यादें सदैव उनके साथ रहेंगी। कार्यक्रम में अभय कुमार,सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक विवेकानंद विवेक, बीआरसी लिपिक संतोष पासवान, बीआरसी कर्मी छोटू चौधरी, चंदन कुमार साह, दिलीप कुमार,मनीष कुमार,ध्रुव कुमार,खुशबू कुमारी,रोजी कुमारी,मनीषा कुमारी,रमण कुमार सुमन,कृष्ण कुमार सहित कई शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




























