संवाददाता/किशनगंज
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘नया सवेरा 3.0’ के तहत किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहादुरगंज थाना क्षेत्र के प्रेम नगर रेड लाइट एरिया में संचालित देह व्यापार के अड्डे पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पांच पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि अड्डे की संचालिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 खुसरू शिराज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न स्थानों की पांच महिलाओं को मानव तस्करी एवं देह व्यापार के चंगुल से मुक्त कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम नगर निवासी आशा बेगम (35 वर्ष), छत्तीसगढ़ के खुशीपाड़ा मिलाई दुर्ग निवासी दिवाकर पंडित (20 वर्ष), बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा निवासी मो. असद (28 वर्ष) तथा जनता कन्हैयाबाड़ी निवासी नासीर आलम (20 वर्ष) शामिल हैं।
इस संबंध में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 434/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई सभी महिलाओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।पुलिस के अनुसार आगे भी मानव तस्करी, बाल श्रम, रेड लाइट एरिया और देह व्यापार जैसे अपराधों के विरुद्ध ‘नया सवेरा 3.0’ अभियान के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


























