कोढ़ा /कटिहार-महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से डीएचईडब्ल्यू एवं डब्ल्यूसीडीसी कटिहार की ओर से मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत कोढ़ा स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में ‘सखी वार्ता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ऊषा किरण ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले से पहुंचे लैंगिक विशेषज्ञ राजेश कुमार महतो एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ निधि कुमारी ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के उद्देश्यों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। लैंगिक विशेषज्ञ राजेश कुमार महतो ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा कानूनी संरक्षण की जानकारी देना मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
वहीं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ निधि कुमारी ने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत, डिजिटल भुगतान और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए जागरूक किया। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ऊषा किरण ने सेविकाओं से अपील की कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई भी लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं सरकार और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा महिलाओं के सशक्तीकरण में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों ने महिलाओं को जागरूक करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



























