13 वर्षों से बंद पड़ा पीएचईडी का नलकूप, ग्रामीणों ने डीएम से हर घर नल-जल योजना बहाल कराने की लगाई गुहार

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित कुवाड़ी गांव में वर्ष 2013 में पीएचईडी विभाग द्वारा स्थापित नलकूप वर्षों से बंद पड़ा है। इसके कारण ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना का लाभ भी इस वार्ड के लोगों को लंबे समय से नहीं मिल पा रहा है।

पंप संचालक बलराम मंडल ने बताया कि वर्ष 2013 में लगाए गए इस नलकूप से लगभग चार वर्षों तक वार्ड के लोगों को नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति की गई। इसके बाद तकनीकी खराबी आने से जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। उन्होंने बताया कि नलकूप की मरम्मत एवं पुनः संचालन को लेकर संबंधित विभाग को दर्जनों बार लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

परिणामस्वरूप नलकूप आज भी बंद अवस्था में पड़ा है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।बलराम मंडल ने जिले के नए जिला पदाधिकारी से मांग की है कि बिहार सरकार की ड्रीम प्रोजेक्ट हर घर नल-जल योजना को शीघ्र चालू कराने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।

इस संबंध में संबंधित विभाग का पक्ष जानने के लिए दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन विभागीय अधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें पेयजल संकट से जूझना पड़ता रहेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!