भारतीय नागरिकता के लिए दो दिवसीय विशेष शिविर, 15 और 22 जुलाई को होंगे आवेदन स्वीकार

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय परिसर में भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के इच्छुक पात्र आवेदकों के लिए दो दिवसीय विशेष नागरिकता शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 15 जुलाई एवं 22 जुलाई 2026 को लगाया जाएगा, जहां निर्धारित प्रावधानों के तहत भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।


यह विशेष शिविर भारतीय नागरिकता अधिनियम, 1955 की धारा 5(1)(C) एवं धारा 6(1) के प्रावधानों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विशेष रूप से विवाह के बाद भारत में निवास कर रही नेपाली महिलाओं से भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन लिए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य पात्र आवेदकों को नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाना है।

शिविर में आवेदकों को जन्म प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह संबंधी अभिलेख सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता की शर्तों तथा नागरिकता संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आवेदन अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला सामान्य प्रशाखा, किशनगंज को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पात्र लोगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से भारतीय नागरिकता प्राप्त करने में प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है।

प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे 15 जुलाई अथवा 22 जुलाई को आयोजित विशेष शिविर में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना आवेदन जमा करें, ताकि नागरिकता संबंधी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जा सके। इससे पात्र आवेदकों को सरकारी प्रक्रिया का लाभ सरलता से मिल सकेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!