बदहाल बिजली व्यवस्था पर मंथन 13 जुलाई को सांसद की अध्यक्षता में होगी बैठक

SHARE:

लोड शेडिंग, लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति के समाधान पर बनेगी रणनीति

कटिहार – जिले में पिछले कई महीनों से बिजली की बिगड़ती आपूर्ति व्यवस्था, लगातार हो रही लोड शेडिंग और लो वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कटिहार के सांसद तारिक अनवर के अनुरोध पर जिला स्तरीय विद्युत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 13 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

बैठक में जिले की बिजली व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा होगी। बैठक की तैयारियों को लेकर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव के आवासीय कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिले में लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।


सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में स्थानीय सांसद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विद्युत समिति का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति व्यवस्था, विद्युत संरचना और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की नियमित निगरानी करना है। इस समिति में जिले के सभी विधायक नामित सदस्य हैं।

उन्होंने कहा कि 13 जुलाई को होने वाली बैठक में कटिहार जिले में हाल के दिनों में उत्पन्न बिजली संकट, बार-बार हो रही कटौती, लो वोल्टेज तथा आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के वरीय अभियंता एवं अधिकारी जिले की वर्तमान विद्युत व्यवस्था पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में समिति द्वारा दिए जाने वाले सुझावों एवं निर्देशों के अनुरूप बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार,तकनीकी खामियों के निराकरण तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाने की संभावना है।

जिले के लोगों को इस बैठक से बिजली संकट के समाधान की बड़ी उम्मीदें हैं। मौके पर किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास, पूर्व विधायक सुनीता देवी,प्रोफेसर विनोद यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विश्राम सिंह,प्रहलाद गुप्ता, मो०जुबैर, सुबोध यादव सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!