टेढ़ागाछ जनता दरबार में सात भूमि विवादों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन, 10 मामले अगली सुनवाई के लिए विचाराधीन

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को अंचलाधिकारी शशि कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।

इस दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, सीमांकन, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण तथा अन्य राजस्व मामलों से संबंधित आवेदनों की सुनवाई की गई।जनता दरबार में स्थानीय पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे सभी मामलों की सुनवाई शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।

अंचलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए दोनों पक्षों की दलीलों एवं उपलब्ध अभिलेखों की गहन जांच कराई। जिन मामलों में आपसी सहमति बनी, उनका मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि जटिल मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित राजस्व कर्मियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


अंचलाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े कुल 17 मामलों पर सुनवाई की गई। इनमें से सात मामलों का आपसी सहमति एवं साक्ष्यों के आधार पर सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया, जबकि 10 मामलों को आवश्यक जांच एवं अभिलेखों के सत्यापन के लिए अगले जनता दरबार तक विचाराधीन रखा गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। साथ ही संबंधित राजस्व कर्मियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।


जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने प्रशासन द्वारा सीधे शिकायत सुनने और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की सराहना की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में भूमि विवादों में कमी आएगी और लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!