कोढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,गयाजी में छीनी गई 6 सोने की चेन बरामद

SHARE:

गैंग के सक्रिय सदस्यों पर शिकंजा


कोढा /कटिहार- कोढ़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गयाजी जिले में जून और जुलाई 2026 के दौरान कोढ़ा गैंग द्वारा छीनी गई कुल 6 सोने की चेन को बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद सभी बरामद सामान को विधिवत रूप से गया पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार ये सभी घटनाएं गया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से संबंधित हैं।

इनमें रामपुर थाना कांड संख्या 327/26 दिनांक 05 जून 2026, टेकारी थाना कांड संख्या 281/26 दिनांक 07 जुलाई 2026), कोतवाली थाना कांड संख्या 334/26 दिनांक 06 जुलाई 2026, कांड संख्या 297/26 दिनांक 19 जून 2026, कांड संख्या 336/26 दिनांक 07 जुलाई 2026 तथा सिविल लाइन थाना कांड संख्या 363/26 दिनांक 07 जुलाई 2026 शामिल हैं।

इन सभी मामलों में अज्ञात अपराधियों द्वारा सोने की चेन छीनने की घटनाएं सामने आई थीं। कोढ़ा पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोढ़ा गैंग के सक्रिय सदस्यों के घरों पर छापेमारी की। इस दौरान सभी छह सोने की चेन बरामद कर ली गईं। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से न केवल अपराधियों के नेटवर्क पर चोट पहुंची है, बल्कि आम लोगों में भी सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

इस महत्वपूर्ण अभियान का नेतृत्व कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद ने किया। उनके साथ अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई विवेक विक्रम सहित अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे। पूरी टीम ने समन्वय और सतर्कता के साथ इस कार्रवाई को सफल बनाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोढ़ा गैंग लंबे समय से विभिन्न जिलों में सक्रिय होकर चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। बरामदगी के बाद अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।कोढ़ा पुलिस की इस सफलता को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!