रणविजय /पौआखाली:
पौआखाली थाना पुलिस ने नगर बाजार स्थित एक किराना-गल्ला दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण ने बताया कि पौआखाली थाना कांड संख्या 104/26, दिनांक 27 जून 2026, धारा 305(ए)/331(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त मो. आशिक 22 वर्ष, पिता स्वर्गीय अब्दुल कादिर, निवासी इमामबाड़ा चौक, वार्ड संख्या-06, पौआखाली को विधिवत गिरफ्तार किया गया. शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सिक्के तथा जीरा के पैकेट बरामद किए गए हैं. उल्लेखनीय है कि हाल ही में पौआखाली नगर बाजार स्थित एक किराना-गल्ला दुकान में चोरी की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में पुलिस कई संदिग्धों से पहले भी पूछताछ कर चुकी है. बाजार में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से व्यवसायिक वर्ग भी चिंतित थें, किंतु पुलिस की तत्परता से अब राहत की खबर है.

























