पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
पोठिया थाना पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त रुख दिखाते हुए दो अलग अलग कांडों में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद पुलिस को यह अहम सफलता मिली है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पहले मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 117/26 दिनांक 26 मार्च 2026 के प्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद इफ्तेखार, उम्र 24 वर्ष, पिता बशीरुद्दीन, निवासी निमलगांव थाना पोठिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस कांड में भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार था और लगातार ठिकाना बदल रहा था।
वहीं दूसरे मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 119/26 दिनांक 26 मार्च 2026 एवं कांड संख्या 90/26 दिनांक 11 मार्च 2026 के प्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद माजिद, पिता मोहम्मद पियाशु, निवासी पीरपोखर थाना पोठिया को भी पुलिस ने दबोच लिया। इस आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ बिहार मध्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 तथा एससी, एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर टीम का गठन किया गया और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दोनों को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज है।
वही थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध कर कानून से भागने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों को चिन्हित कर एक एक कर गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इस दिशा में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।



























