रामनवमी पर्व के आयोजन को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

SHARE:

किशनगंज/प्रतिनिधि

जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन महानंदा सभागार में किया गया। बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखी गईं।

सदस्यों ने जुलूस के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, चिन्हित चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, भंडारा का आयोजन भूतनाथ मंदिर में किया जाता हैं वहां पर महिला पुलिस बल की उपलब्धता कराने, निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की। इसके अतिरिक्त चिन्हित स्थानों पर पेयजल हेतु पानी टैंकर की व्यवस्था, डस्टबिन, ट्रैक्टर एवं सफाई कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।

शांति समिति के सदस्यों ने यह भी अवगत कराया कि कुछ बाइकर्स द्वारा झंडा लगाकर अनावश्यक रूप से भ्रमण किया जाता है, जिनका जुलूस से कोई संबंध नहीं होता है। ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी बैठक में रखी गई।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जुलूस के निर्धारित रूट में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा तथा चिन्हित स्थानों पर ही एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों एवं फीडबैक पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि किशनगंज जिले की परंपरा आपसी भाईचारे एवं सद्भाव की रही है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराते हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी वर्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं, जिसके लिए जिला प्रशासन आपकी सराहना करता है।
उन्होंने युवाओं के दिगभ्रमित होने की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विशेषकर सोशल मीडिया एवं आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैलती हैं, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस संदर्भ में नागरिक एकता मंच के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने, गंगा-जमुनी तहजीब को सुदृढ़ करने तथा जिले की समृद्ध परंपराओं एवं इतिहास को आगे बढ़ाने पर बल दिया गया। साथ ही अधिक से अधिक स्वयंसेवकों (वॉलिंटियर्स) को जोड़ने पर भी चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज जिले में आपसी भाईचारे एवं अनेकता में एकता की अद्भुत मिसाल देखने को मिलती है। उन्होंने जुलूस को निर्धारित रूट के अनुसार ही निकालने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने वॉलिंटियर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस एवं स्वयंसेवकों के समन्वय से ही बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समितियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों के प्रति लोगों को जागरूक करें तथा अनुशासन बनाए रखें। साथ ही बाइकर्स पर नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने की बात कही गई। उन्होंने आपसी समन्वय एवं समझदारी के साथ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया।

बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई