रणविजय /पौआखाली:
आगामी ईद उल फितर के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पूरे जिल में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. इसी क्रम में शुक्रवार की देर शाम को पौआखाली और सीमावर्ती जियापोखर थाना क्षेत्रों के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस और एसएसबी के जवानों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला.
पौआखाली थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने पुलिस बल के साथ और जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने कद्दूभिट्ठा एसएसबी के जवानों के साथ मिलकर क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन किया.
मार्च का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देना है. फ्लैग मार्च मुख्य रूप से उन इलाकों से होकर गुजरा जहाँ आबादी मिश्रित है और त्योहार के दौरान भारी चहल-पहल रहती है.
पुलिस अधिकारियों ने पैदल मार्च के दौरान संवेदनशील चौक-चौराहों पर विशेष नजर रखी गई. थानाध्यक्षों ने जनता से अनुरोध किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें ताकि समय रहते किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके. फ्लैग मार्च के दौरान एएसआई अंगद प्रसाद, महेंद्र कुमार सिंह, सरोज कुमार आदि शामिल रहें.


























