जिलास्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा,सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग

SHARE:

कटिहार -समग्र शिक्षा अभियान की ओर से मनिहारी मोड़ स्थित इंदिरा गांधी पुस्तकालय में जिलास्तरीय क्विज, गणित ओलिंपियाड और चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समग्र शिक्षा अभियान के संभाग प्रभारी सुधीर कुमार झा और निर्णायक मंडली के सदस्य दिनेश दुबे, मनोज भगत, विप्लव कुमार, प्रेम परदेशी, राकेश कुमार एवं राजदेव झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से अलग- अलग विधाओं के लिए के चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए संभाग प्रभारी सुधीर कुमार झा ने बताया कि गणित ओलिंपियाड में मध्य विद्यालय हरिप्रसाद के गौतम कुमार, आदर्श मध्य विद्यालय मूसापुर की लूसी कुमारी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मूसापुर के मु. रियान और हरिशंकर नायक उच्च माध्यमिक विद्यालय के रीतू राज ने अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

वहीं चित्रांकन प्रतियोगिता में आदर्श मध्य विद्यालय चामा के सुमित कुमार मंडल और उच्च माध्यमिक विद्यालय मकईपुर के प्रभात कुमार पहले स्थान पर रहे। क्विज प्रतियोगिता में परीक्षित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा का अलग अलग चयन किया गया है।

जिसको बिहार दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने सफल बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि जो बच्चे दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे हैं, उन्हें भी विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर बच्चों में अंत तक भारी उत्साह रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई