भटवारा में विकास का ‘बोर्ड’ ऊँचा पर सड़क का काम ‘नीचा,1.5 करोड़ की योजना सिर्फ कागजों तक सीमित

SHARE:

श्रवण कुमार शर्मा /कोढ़ा /कटिहार – बिहार सरकार ग्रामीण सड़कों को चकाचक करने के लाख दावा करे लेकिन जिला के कोढ़ा प्रखंड के भटवारा पंचायत की हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत भटवारा चौक से भटवारा पंचायत भवन तक बनने वाली सड़क आज भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ती दिख रही है।

सरकारी बोर्ड पर साफ़ लिखा है कि कार्य प्रारंभ होने की तिथि 06/06/2025 थी और इसे 05/06/2026 तक पूरा होना है। हम मार्च 2026 के मध्य में हैं। यानी समय सीमा खत्म होने में 3 महीने से भी कम का वक्त बचा है।लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य कार्य अभी तक शुरू ही नहीं हुआ है। सड़क की कुल प्राक्कलित राशि 149.802 लाख लगभग 1.5 करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी रकम आवंटित होने के बावजूद काम की कछुआ चाल समझ से परे है।


ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का जो थोड़ा-बहुत हिस्सा मोड़ पर बना भी था, वह अभी से टूटने लगा है। यह निर्माण की गुणवत्ता पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाता है। पंचायत भवन जाने वाली यह मुख्य सड़क है। काम शुरू न होने से उड़ती धूल और टूटी सड़क ने स्थानीय लोगों और राहगीरों का जीना मुहाल कर रखा है।आक्रोशित ग्रामीण शंकर मंडल ने कहा की समय गुजरता जा रहा है, ठेकेदार और विभाग चैन की नींद सो रहे हैं। क्या प्रशासन तब जागेगा जब मानसून सिर पर होगा और काम करना असंभव हो जाएगा ।

संवेदक जितेंद्र कुमार और कार्यपालक अभियंता ग्राकावि कार्य प्रमंडल कटिहारआखिर किस बात का इंतज़ार कर रहे हैं। क्या आवंटित बजट का सही इस्तेमाल हो रहा है या यह भी फाइलों में ही’दफन’ हो जाएगा ।जो हिस्सा अभी से टूट रहा है, क्या उसकी जांच होगी या लीपापोती कर दी जाएगी। अगर समय रहते इस पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो यह सरकारी धन की बर्बादी का एक और जीता-जागता नमूना बनकर रह जाएगा।

भटवारा की जनता अब ‘तारीख’ नहीं, ‘ठोस सड़क’ चाहती है।आक्रोशित ग्रामीणों में पवन कुमार, मुकेश कुमार, संजय कुमार राम, मनोज दास, सुरेश राय, मनीष राय ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का कार्य चालू कराया जाए और गुणवत्तापूर्ण कार्य हो ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई