संवाददाता:राहुल कुमार
पवित्र त्योहार ईद को लेकर किशनगंज शहर के बाजारों में इन दिनों जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। जिले भर के लोग ईद की खरीदारी में जुट गए हैं, जिसके कारण बाजारों में सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
शहर के कपड़ा दुकानों में सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। लोग नए कपड़े, कुर्ता-पायजामा, बच्चों के परिधान और अन्य वस्त्रों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं टोपी, इत्र, चूड़ी, जूते-चप्पल , सेवई तथा अन्य ईद से जुड़े सामानों की दुकानों पर भी खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ लगी हुई है।
ईद के मद्देनज़र शहर के बाजारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह-जगह कृत्रिम रोशनी और सजावट से बाजार जगमगा उठे हैं। शाम होते ही बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है और लोग परिवार के साथ खरीदारी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
शहर के मुख्य बाजार से लेकर पश्चिम पल्ली, चूड़ी पट्टी सहित अन्य प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ से दुकानदार भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि बढ़ती महंगाई के बावजूद खरीदारी पर इसका खास असर नहीं दिख रहा है और लोग खुलकर खरीदारी कर रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का कोई असर यहां नहीं है और पिछले साल की तुलना में इस साल अधिक बिक्री हो रही है।वहीं ईद को लेकर शहर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है।
कई मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

























