कटिहार – भारत सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अंतर्गत तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर क्षेत्र की रेल सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
प्रधानमंत्री द्वारा जिन ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ किया गया। उनमें कामाख्या –चरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस तथा नारंगी–अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से पूर्वोत्तर भारत सहित बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा एवं कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत कामाख्या–चरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव न्यू जलपाईगुडी,अलुआबाडीरोड , किशनगंज तथा बारसोई में निर्धारित किया गया है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक किरेन्द्र नरह , अपर मंडल रेल प्रबंधक न्यू जलपाईगुड़ी अजय कुमार सिंह, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित रेलवे के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ।
वहीं किशनगंज रेलवे स्टेशन पर कटिहार रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सिंह तथा वरीय मंडल विद्युत अभियंता पंकज पाल सहित अन्य रेल अधिकारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि नई ट्रेनों के संचालन से क्षेत्र में यात्री सुविधाओं के साथ-साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
रिपोर्ट: सतेंदु सुमन



























