बिहार में शिक्षा का बड़ा विस्तार: 5 से बढ़कर 15 हुए विश्वविद्यालय, महिला साक्षरता 74% तक पहुँची – शिक्षा मंत्री

SHARE:

राजेश दुबे /किशनगंज

बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को किशनगंज स्थित माता गुजरी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्य में शिक्षा क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में जहां मात्र 5 विश्वविद्यालय थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर 15 हो चुकी है।


उन्होंने कहा कि राज्य का शिक्षा बजट भी लगातार बढ़ा है और आज यह 68 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो शिक्षा के प्रति सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है।


शिक्षा मंत्री ने बताया कि बिहार में वर्तमान में 76 हजार से अधिक स्कूल, 5 लाख 75 हजार से ज्यादा शिक्षक और 1 करोड़ 76 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा 1 करोड़ 3 लाख से अधिक बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना के तहत प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई साइकिल योजना और पोशाक योजना ने खासकर ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसका सबसे बड़ा असर महिलाओं की शिक्षा पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में बिहार में महिलाओं की साक्षरता दर मात्र 34 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 74 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।


सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लाखों छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है और यह योजना फिलहाल देश में बिहार की एक अनूठी पहल है।


उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में करीब 2500 प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है और सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर प्रखंड में मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके।

छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाला दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है और लगभग हर क्षेत्र में इसका प्रभाव दिखाई देगा। इसलिए युवाओं को नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षा से खुद को जोड़ना होगा।


उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि माता गुजरी यूनिवर्सिटी के विकास और शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार के लिए सरकार से जो भी सहयोग आवश्यक होगा, वह उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई