दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू, लाखों की संपत्ति नष्ट
अमदाबाद /कटिहार – नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 5 में सोमवार की शाम इफ्तार की तैयारी के दौरान अचानक आग लग जाने से करीब आधा दर्जन परिवारों का 12 घर जलकर राख हो गए। घटना शाम करीब चार बजे की है। बताया जाता है कि एक घर में रोजा खोलने के लिए इफ्तार बनाया जा रहा था।
तभी चूल्हे के पास अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पीड़िता लैला खातून ने बताया कि वह इफ्तार बना रही थीं और चापाकल से पानी लेने गई थीं, तभी अचानक आग लग गई। आग में घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन समेत सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद तारिक ने बताया कि आयूब अंसारी की पत्नी इफ्तार बना रही थीं। तभी चूल्हे से निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया।
इस अग्निकांड में मोहम्मद इसराफिल अंसारी, शहजान अंसारी,शमशेर अंसारी,रिजवान अंसारी,आयूब अंसारी और ताहिर अंसारी सहित कई परिवारों का घर जल गया। मुख्य पार्षद बबलू मंडल एवं पार्षद प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवारों के बीच तत्काल राहत सामग्री एवं सहायता राशि मुहैया कराने की मांग की है।
वही जानकारी देते हुएअंचल पदाधिकारी स्नेहा कुमारी ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भेजी गई थी। नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

























