KishanganjNews:अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से जीजा-साले की मौत,शादी के दुसरे दिन ही उजड़ा परिवार

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज /बहादुरगंज

जिले में गुरुवार दोपहर बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 327 ई पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में जीजा और साले की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना रहमानगंज से मुस्लिम चौक के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मृतकों की पहचान बिशनपुर बाजार निवासी अकबर आलम, उम्र 32 वर्ष, और उसके साले मो. साहिल के रूप में हुई है। अकबर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल साले ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अकबर आलम ने सुपौल जिले के ठुमका वार्ड संख्या 6 में शादी की थी। वह बुधवार को ही पत्नी को लेकर घर लौटा था। उसके साथ पत्नी का भाई यानी उसका साला भी आया था। गुरुवार को अकबर अपने साले को लेकर बिशनपुर से बहादुरगंज ईंट लेने जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी बीच रहमानगंज के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक अकबर की सांसें थम चुकी थीं। साले को गंभीर हालत में बहादुरगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी सड़क से हटाया गया।

एक दिन पहले जहां घर में शादी की खुशियां थीं, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गईं। अकबर अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। दोनों की मौत से बिशनपुर और ठुमका गांव में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि तेज रफ्तार और बारिश के कारण फिसलन हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!