बरारी/कटिहार – बरारी प्रखंड की सुखासन पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित सिमरतल्ला गांव में मनरेगा योजना के तहत बन रहे आरसीसी कलवर्ट से हजारों किसानों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। वार्ड सदस्य प्रतिनिधि रामविलास मंडल,जदयू पंचायत अध्यक्ष मनीष कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि यह कलवर्ट सुखासन और काबर पंचायत के बीच संपर्क को मजबूत करेगा।
इसके निर्माण के बाद किसानों को खेतों से मंडी तक पहुंचने के लिए लगभग 4 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। यह दूरी घटकर करीब 400 मीटर रह जाएगी, जिससे परिवहन लागत और समय दोनों की बचत होगी। ग्रामीणों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।कलवर्ट निर्माण के दौरान कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने कार्य में अनियमितता की आशंका जताते हुए बुधवार को काम रुकवा दिया था। सूचना मिलने पर पंचायत रोजगार सेवक मो. शकील मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने ग्रामीणों को योजना की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार कराया जा रहा है। जानकारी मिलने के बाद अधिकांश ग्रामीण संतुष्ट नजर आए। हालांकि कुछ लोगों ने निर्माण में प्रयुक्त सरिया की मोटाई को लेकर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना था कि कलवर्ट में 14 और 16 एमएम सरिया का उपयोग होना चाहिए, जबकि वर्तमान में 10 और 12 एमएम सरिया लगाया जा रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
इस संबंध में कनीय अभियंता सुधीर कुमार मंडल ने बताया कि मनरेगा से बन रहे इस कलवर्ट की प्राक्कलित राशि 9 लाख रुपये है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कलवर्ट की दीवारों में 10 और 12 एमएम सरिया का उपयोग प्राक्कलन के अनुसार किया जा रहा है, जबकि छत की ढलाई में 16 एमएम सरिया लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरी तरह तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है।

























