टेढ़ागाछ में छह घंटे ठप रही बिजली, जनजीवन प्रभावित

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह 10 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण आम जनजीवन के साथ-साथ सरकारी एवं निजी कार्य भी प्रभावित रहे। बिजली नहीं रहने से प्रखंड मुख्यालय टेढ़ागाछ में कई घंटों तक ऑनलाइन कार्य पूरी तरह ठप रहा, जिससे लोगों को विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ी।


बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर फुलबरिया बाजार, टेढ़ागाछ बाजार, झाला, फतेहपुर,सुहिया हाट,मटियारी समेत कई क्षेत्रों में देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पंखा, कूलर एवं अन्य विद्युत उपकरणों के बिना समय बिताना पड़ा। वहीं मोबाइल चार्जिंग जैसी दैनिक जरूरतें भी प्रभावित रहीं। बाजारों में दुकानदारों तथा उपभोक्ताओं को भी बिजली नहीं रहने से काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।


इस संबंध में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि कालियागंज रेलवे क्रॉसिंग के समीप 33 केवी लाइन में टर्मिनेशन किट स्थापना का कार्य किया जा रहा था। इसी कारण सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार सुबह 10 बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित रखी गई। उन्होंने बताया कि कार्य को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया गया ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो।
विभागीय कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 5 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली बहाल होते ही प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न बाजारों में रुके हुए कार्य पुनः शुरू हो सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई