टेढ़ागाछ /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर थाना अध्यक्ष रितेश कुमार ने थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम उन्मूलन की शपथ दिलाई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प लिया।
शपथ के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने यह प्रतिज्ञा की कि वे अपने व्यक्तिगत एवं पेशेवर जीवन में यह सुनिश्चित करेंगे कि 14 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से किसी प्रकार का श्रम कार्य नहीं कराया जाए। साथ ही समाज में बाल श्रम के प्रति लोगों को जागरूक करने और इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प भी लिया गया।अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का हनन है और यह उनके उज्ज्वल भविष्य में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है।
प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह बाल श्रम जैसी कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाए तथा बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्थान विद्यालय में है, न कि किसी कार्यस्थल पर।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने यह भी शपथ ली कि वे राज्य एवं देश को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर बाल श्रम उन्मूलन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई तथा लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं बाल श्रम की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या पुलिस प्रशासन को दें।
कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देना था।

























