KatiharNews:युवक की गला रेतकर हत्या,एफएसएल टीम जांच में जुटी

SHARE:

कई एंगल से पड़ताल

समेली /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के छोहार पंचायत में एक युवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान छोहार पंचायत वार्ड संख्या-4 निवासी मनीष मंडल (22) पिता अर्जुन मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अज्ञात अपराधियों ने बीती रात मनीष मंडल की गला रेतकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त हो गया। मृतक मनीष मंडल पेशे से वीडियोग्राफर थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील्स एवं वीडियो निर्माण में भी काफी सक्रिय थे। क्षेत्र में उनकी पहचान एक प्रतिभाशाली वीडियो क्रिएटर के रूप में थी। 

घटना की जानकारी मिलने पर पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टु सुनील कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए कटिहार से एफएसएल फॉरेंसिक साइंस लैब टीम को बुलाया गया।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल के पांच अलग-अलग स्थानों पर फॉरेंसिक जांच की तथा कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान मृतक के गले की चेन, रक्त के नमूने, चप्पल, मोबाइल के ब्लूटूथ बड्स सहित अन्य संदिग्ध वस्तुओं को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा, पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार, फलका थाना अध्यक्ष प्रहलाद कुमार, एफएसएल टीम एवं बिहार पुलिस के जवानों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने मृतक की मां, पिता,भाई, बहन समेत अन्य ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्याकांड की जांच कई एंगल से की जा रही है। आपसी रंजिश,व्यक्तिगत विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच दबी जुबान से प्रेम प्रसंग की चर्चा भी हो रही है।

हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा तथा दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई