टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के भोरहा पंचायत अंतर्गत फुलवरिया बाजार स्थित विमला देवी के निज आवास पर रविवार को एक दिवसीय शिव चर्चा कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में शिव गूरू पहुंचे और कार्यक्रम में शिव भव में लीन रहे।
कार्यक्रम का वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष और भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा।शिव चर्चा कार्यक्रम में शिव शिष्य गोपाल प्रसाद शाह एवं प्रवीण कुमार दास ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को शिव भक्ति का महत्व समझाया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान शिव केवल देवों के देव ही नहीं, बल्कि वे जीवन के हर कष्ट का समाधान भी हैं।
सच्चे मन से की गई शिव आराधना से मनुष्य के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से शिव नाम का स्मरण करने और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।प्रवचन के दौरान शिव भक्ति, संयम, सेवा और मानव कल्याण जैसे विषयों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। श्रद्धालुओं ने ध्यानपूर्वक प्रवचन को सुना और अंत में सामूहिक रूप से शिव आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन और भी सफल एवं सार्थक बन गया।
इस अवसर पर शिव शिष्य गोपाल शाह, संतोष कुमार, परमेश्वर प्रसाद शाह, बिंदेश्वर प्रसाद शाह, चंद्रप्रसाद साह, विकास कुमार, विजय कुमार शाह सहित दर्जनों शिव शिष्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
कार्यक्रम के संबंध में शिव शिष्य प्रवीण कुमार दास ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “शिव चर्चा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करना है। जब व्यक्ति भगवान शिव के बताए मार्ग पर चलता है, तो उसका जीवन स्वतः अनुशासित और सकारात्मक हो जाता है।
इस तरह के आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और समाज को एक नई दिशा मिलती है।”स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों से क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के शिव चर्चा कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।




























