ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को किशनगंज के जिला पदाधिकारी विशाल राज ने ठाकुरगंज नगर एवं प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न संभावित कार्यक्रम स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के लिए उपयुक्त स्थल का चयन और आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर क्षेत्र स्थित आदर्श मध्य विद्यालय, सूबा बाई कन्या मध्य विद्यालय, भातडाला पोखर परिसर, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, उच्च विद्यालय ठाकुरगंज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गांधी मैदान एवं इनडोर स्टेडियम का जायजा लिया। इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के बेसरबाटी पंचायत अंतर्गत चुरलीहाट स्थित आईटीआई एवं राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान का भी निरीक्षण किया गया।
जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली, अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार, थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। काफिला सबसे पहले आदर्श मध्य विद्यालय पहुंचा, जहां बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इसके बाद डीएम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
भातडाला पोखर परिसर स्थित चिल्ड्रन पार्क का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने डीएम को जानकारी दी कि पार्क का संचालन और देखरेख वन विभाग के अधीन है। इसके पश्चात डीएम प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय पहुंचे, जहां छुट्टी के बावजूद विद्यालय परिसर, प्रयोगशाला, आईसीटी कक्ष, स्मार्ट क्लास एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर प्रधानाध्यापक को साफ-सफाई, बिजली, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण क्रम में डीएम उच्च विद्यालय (बॉयज हाई स्कूल) ठाकुरगंज भी पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय मैदान की क्षमता, पहुंच मार्ग और आसपास की सुविधाओं को लेकर प्रधानाचार्य से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सभी स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाना है, इसलिए कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित और गरिमामय होना चाहिए।
निरीक्षण से स्पष्ट है कि ठाकुरगंज में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप दिया जा सकता है।



























