दहेज की मांग को लेकर कलयुगी पति करता था पत्नी को प्रताड़ित
किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज जिले की कोचाधामन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने मंगलवार को महिला थाना में दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद महिला थाना की पुलिस कांड के अनुसंधान में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार माता पिता की मौत के बाद पीड़ित महिला अपने एक रिश्तेदार के घर रहती थी। इसी दौरान बिसनपुर थाना क्षेत्र निवासी आरोपी व्यक्ति से महिला का निकाह हुआ।आरोपी व्यक्ति पहले से शादीशुदा था।जिसकी खबर पीड़ित महिला को नहीं थी।12 अप्रैल को आरोपी व्यक्ति ने पीड़ित महिलाके साथ निकाह कर लिया।निकाह के कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक था। आरोपी व्यक्ति दूसरे प्रदेश में कार्य करता था।
कुछ दिनों बाद आरोपी व्यक्ति पीड़ित महिला को उसे अपने साथ अहमदाबाद ले गया। जहां आरोपी व्यक्ति उसे प्रताड़ित करने लगा। इस दौरान पीड़िता ने एक बेटे को भी जन्म दिया। इसके बावजूद भी प्रताड़ना खत्म नहीं हुई।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपी ने कई बार बच्चे की हत्या करने की भी कोशिश की। आरोपी व्यक्ति अपनी पत्नी को भूखा भी रखने लगा। इस बीच पीड़ित महिला अहमदाबाद से अपने ससुराल लौट गई।
28 नवंबर को आरोपी व्यक्ति ने महिला से एक लाख रुपये दहेज की मांग कर पिटाई कर दी और घर के बगल में गड्ढा खोदकर बेटे को जिंदा दफन करने का प्रयास करने लगा।
लेकिन पीड़ित महिला ने किसी तरह बच्चे की जान बचा ली। थक हारकर पीड़ित महिला न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंची।महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि महिला की शिकायत दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।सभी बिंदुओं पर घटना की जांच की जा रही है।

























