पोठिया /किशनगंज/राज कुमार
पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी कृषि कॉलेज के बांध से सटे महानंदा नदी में शुक्रवार को एक मजदूर के लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गयी। लापता व्यक्ति की पहचान ठाकुरगंज प्रखंड के खारुदह पंचायत अंतर्गत महेशपुर गांव निवासी मोहम्मद सलीम (45 वर्ष) पिता स्व.रहमान अली के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे सलीम अपने बड़े भाई आजाद और अन्य ग्रामीणों के साथ मवेशियों के चारा लाने हेतु नदी पार कर रहा था।
इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और नदी के बीच से ही अचानक गायब हो गया। सलीम के साथ नदी पार कर रहे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह पानी के तेज बहाव और गहराई के कारण नदी से बाहर नहीं निकाल सका। घटना की खबर सलीम के परिजनों को मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव के गोताखोरों ने नदी में खोजबीन शुरू की। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
सूचना मिलते ही अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता दलबल के साथ मौके पर पहुंची और अंचल अधिकारी को सूचना दिया। ईधर राजस्व अधिकारी मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुँची और नदी में खोजबीन शुरू कर दिया है।
राजस्व अधिकारी मनोज चौधरी ने बताया कि एक व्यक्ति नदी में डूबकर लापता हो गया है,जिसकी तलाश एसडीआरएफ की टीम कर रही है। मो सलीम पेशे से मजदूर था और पंजाब से दो महीने पहले ही घर लौटा था। परिवार में उसकी वृद्ध मां,पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। समाचार प्रेषण तक महानंदा में एसडीआरएफ टीम के द्वारा खोजबीन की जा रही थी।
