किशनगंज में 35 लाख के धान घोटाले में फरार पैक्स चेयरमैन हुआ गिरफ्तार, प्रबंधक अबतक है फरार, 2023 से था फरार

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड में धान खरीद में बड़ा घोटाला सामने आया है। भोलमारा ग्राम पंचायत की पैक्स में करीब 35 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने पैक्स अध्यक्ष को गुप्त सूचना के आधार पर पौआखाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 2023 से फरार चल रहा था।

पौआखाली थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा के अनुसार, सहकारिता विभाग की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। मामले में दो लोगों पर आरोप हैं। पहले आरोपी पैक्स चेयरमैन वसीम अख्तर सरायकुड़ी गांव के रहने वाले हैं। दूसरी आरोपी पैक्स प्रबंधक गोलू देवी भोलमारा की निवासी हैं।

प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अंजय कुमार ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक ने 50 किसानों से 433 लॉट धान खरीदा था। इनमें से राइस मिल को केवल 264 लॉट धान की आपूर्ति की गई। शेष 169 लॉट धान के बारे में कई बार नोटिस देने और निरीक्षण के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।

दोनों आरोपियों पर बिहार सहकारिता अधिनियम 1935 के तहत 28 सितंबर 2023 को मामला दर्ज किया गया था। कुल 34 लाख 89 हजार 850 रुपए के धान का गबन किया गया है। पुलिस दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

किशनगंज में 35 लाख के धान घोटाले में फरार पैक्स चेयरमैन हुआ गिरफ्तार, प्रबंधक अबतक है फरार, 2023 से था फरार

error: Content is protected !!