बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान जमकर बवाल,कई जिलों में तोड़फोड़ और पथराव 

SHARE:

सीवान, सीतामढ़ी, औरंगाबाद समेत कई जिलों में हिंसा, पथराव और तोड़फोड़; पुलिस से झड़प, कई घायल

पथराव में पुलिस के जवान भी हुए घायल

डेस्क :नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद के दौरान राज्य के कई जिलों में छात्र आंदोलन उग्र हो गया। राजधानी पटना सहित सीवान, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, सारण (छपरा), किशनगंज, पूर्णिया,मधेपुरा और अन्य जिलों में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम, पथराव और तोड़फोड़ की। 

कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

राजधानी पटना में सुबह से ही छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। कुछ स्थानों पर पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

सीतामढ़ी में सबसे अधिक बवाल

सीतामढ़ी में आंदोलन सबसे अधिक उग्र रहा। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर पथराव हुआ। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार को नुकसान पहुंचा, जबकि एक भाजपा नेता की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

सीवान और औरंगाबाद में भी तनाव

सीवान में छात्र संगठनों ने शहर के प्रमुख चौक पर प्रदर्शन किया। सड़क जाम और नारेबाजी के बीच पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। औरंगाबाद में भी प्रदर्शन के दौरान पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने कई स्थानों पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।

सारण में पुलिस पर पथराव

सारण (छपरा) में प्रदर्शन के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। जिले के कई इलाकों में घंटों यातायात प्रभावित रहा।

किशनगंज में डीडीसी पर हमला

सीमावर्ती किशनगंज जिले के बहादुरगंज में आंदोलन के दौरान एलआरपी चौक पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के वाहन में तोड़फोड़ कर दी और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं एनएच-327ई पर सड़क जाम के कारण लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही कई घंटे तक प्रभावित रही।घटना की सूचना के बाद जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर बितर किया गया।फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है ।

पूरे राज्य में हाई अलर्ट

लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, हिंसा और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!