जय जगन्नाथ’ के जयघोष के साथ संपन्न हुई उल्टा रथयात्रा

SHARE:

नौ दिनों तक भक्ति की रसधारा में डूबा रहा बारसोई

बारसोई /कटिहार – बारसोई घाट स्थित अति प्राचीन नर्मदेश्वर शिव मंदिर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव भव्य उल्टा रथयात्रा के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। नौ दिनों तक मंदिर परिसर में गीता पाठ,श्रीमद्भागवत कथा, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन,आरती एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन एवं कथा-श्रवण के लिए उमड़ते रहे।शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना के बाद उल्टा रथयात्रा निकाली गई। रथ के आगे-पीछे हजारों श्रद्धालु “जय जगन्नाथ” के जयघोष के साथ चल रहे थे। शंखध्वनि, घंटों की गूंज और भजन – कीर्तन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।

श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ को खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया तथा मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह, महिला नेत्री सीमा उमेश यादव, पिंटू यादव, विजय साह, समाजसेवी विमल चंदा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ से क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष शंकर प्रसाद साह ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो प्रेम, समरसता, सेवा, त्याग और मानव कल्याण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं की अपार भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में धार्मिक आस्था निरंतर सशक्त हो रही है।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, समिति सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।धार्मिक महोत्सव के समापन के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष और अधिक भव्य रूप में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथयात्रा आयोजित करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर और नगर क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में सराबोर रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!