जिला पदाधिकारी ने की बड़ी कार्रवाई
रिश्वत लेने की वीडियो हुई थी वायरल
दो सदस्यीय जांच टीम गठित
बारसोई / कटिहार – सोशल मीडिया पर 95 हजार रुपये रिश्वत लेने का कथित वीडियो वायरल होने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। समाहरणालय के जिला स्थापना प्रशाखा से जारी आदेश के अनुसार बारसोई अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी रविकांत रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अनुमंडलीय राजस्व कार्यालय मनिहारी निर्धारित किया गया है।जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में राजस्व कर्मचारी को राजस्व संबंधी कार्य के निष्पादन के एवज में अवैध रूप से रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए प्रदर्शित किया गया है।
प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर प्रतीत होने तथा सरकारी सेवक के आचरण, कर्तव्यनिष्ठा एवं लोकसेवा की गरिमा के प्रतिकूल पाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है।मामले की विस्तृत जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है. समिति के अध्यक्ष अपर समाहर्ता लोक शिकायत निवारण मनोज कुमार बनाए गए हैं। जबकि भूमि सुधार उप समाहर्ता, बारसोई मंकेश्वर कुमार को सदस्य नामित किया गया है।
जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वायरल वीडियो, समाचार रिपोर्ट, उपलब्ध अभिलेखों एवं संबंधित पक्षों के बयान का परीक्षण कर आरोपों की सत्यता और प्रामाणिकता की जांच करे. समिति को स्पष्ट अनुशंसा सहित अपनी जांच रिपोर्ट आदेश निर्गत होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर समाहर्ता, कटिहार को सौंपने का निर्देश दिया गया है।उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर राजस्व कर्मचारी रविकांत रंजन का कथित 95 हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।






















