सागर चंद्रा/ किशनगंज
टाउन थाना क्षेत्र के महेश बथना में 2 लाख रुपये रंगदारी की मांग कर खेत में लगी फसल को ट्रैक्टर से रौंद देने का मामला सामने आया है। पीड़िता हलीमा खातून के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अपनी खेत में धान और हल्दी की फसल लगा रखी थी। लेकिन सिमलबाड़ी निवासी हैदर, असगर, मिन्हाज, शोहराब, शाह जमाल, सादाब आदि अक्सर उससे खेती करने के एवज में 2 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर आरोपी 2 ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और घान एवं हल्दी की लगी फसल को जोतकर नष्ट कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता और उसकी बहनों के साथ मारपीट भी की।
पीड़िता के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के साथ ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। जाते जाते आरोपियों ने उसे हत्या करने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी अक्सर रंगदारी की मांग कर उसे परेशान करता है। जिससे तंग आकर उसने पूर्व में उन्हें 50 हजार रूपये भी दिये थे। लेकिन इसके बावजूद भी आरोपी लगातार रंगदारी की मांग कर रहा है।






















