अररिया/अरुण कुमार
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए अररिया जिले के सिकटी से भाजपा विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों के हित और देश के व्यापक हित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही की भावना को दर्शाता है तथा उन्होंने नैतिक आधार पर यह कदम उठाकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
विजय कुमार मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शी एवं निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी स्तर पर अनियमितता की शिकायत सामने आती है तो सरकार उस पर कठोर कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटती।
छात्र आंदोलनों के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुई हिंसा, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन की आड़ में विपक्षी दलों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है।
उनके अनुसार, कई स्थानों पर हुई हिंसा और उपद्रव स्वतःस्फूर्त नहीं बल्कि सुनियोजित प्रतीत होते हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उपद्रव की घटनाओं में विदेशी फंडिंग की आशंका सामने आई है और इसकी जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का सच सामने आ जाएगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विजय कुमार मंडल ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखें। उन्होंने कहा कि हिंसा, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से किसी समस्या का समाधान नहीं होता, बल्कि इससे छात्रों के आंदोलन की मूल भावना को भी नुकसान पहुंचता है।






















