सागर चंद्रा/ किशनगंज
एक कंटेनर चालक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। गलगलिया के समीप एन एच किनारे खड़े कंटेनर में उसे बेसुध पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए ठाकुरगंज पीएचसी में भर्ती कराया। जहां जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम के बाद साथी चालकों ने शव को उसके पैतृक निवास भेज दिया है।मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के रायली बंसूर निवासी 49 वर्षीय राजेंद्र कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र ट्रक चला कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह यादव ट्रांसपोर्ट कंपनी के एच आर 47 डी 2811 नंबर की कंटेनर में फॉर्च्यून कंपनी का माल लेकर जयपुर से गुवाहाटी जा रहा था। लेकिन शुक्रवार शाम वह गलगलिया के समीप एन एच पर लगे जाम में फंस गया। जाम खुलने के इंतजार में वह कंटेनर में ही बैठा रहा।
इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कंटेनर में ही बेहोश हो गया। जाम खुलने के बाद जब उसका कंटेनर आगे नहीं बढ़ा, तो पुलिस उसके पास पहुंची और उसे इलाज के लिए ठाकुरगंज पीएचसी में भर्ती कराया। जहां जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया।

















