मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित

SHARE:

किशनगंज /प्रतिनिधि 

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएँ निरीक्षालय (गृह विभाग) तथा परिवहन विभाग में क्रमशः मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर चयन हेतु दिनांक 14 जून एवं 17 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी  विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों तथा संबंधित कर्मियों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा का संचालन पूर्ण पारदर्शिता, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है तथा किसी भी स्तर पर की गई लापरवाही अथवा त्रुटि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाल के दिनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बनी संवेदनशील परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्णतः अलर्ट रहने तथा निर्धारित नियमों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला नियंत्रण कक्ष को भी उपलब्ध कराई जाए।

भर्ती परीक्षा 14 जून एवं 17 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित होगी। इस भर्ती परीक्षा में किशनगंज जिला अंतर्गत लगभग 18,336 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जिला मुख्यालय में विभिन्न पालियों एवं परीक्षाओं को मिलाकर कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा सम्पन्न हो सके। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन सहित अन्य निषिद्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि प्रश्नपत्र निर्धारित समय एवं प्रक्रिया के अनुरूप केवल परीक्षार्थियों की उपस्थिति में ही खोले जाएं। साथ ही सीटिंग प्लान का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर की उपलब्धता बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।

परीक्षार्थियों के प्रवेश को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों को प्रथम पाली में प्रातः 08:00 बजे से 09:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 01:00 बजे से 02:00 बजे तक प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रवेश के उपरांत अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में आवंटित रोल नम्बर के अनुरूप बैठाया जाएगा, ताकि शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन हेतु आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण की जा सकें। प्रथम पाली में 09:00 बजे के बाद तथा द्वितीय पाली में 02:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल तथा पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष दंडाधिकारी एवं पुरुष पुलिस बल द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक व्यवस्था कराएं।

बैठक में बताया गया कि लगभग प्रत्येक पाँच परीक्षा केन्द्रों के लिए एक उड़नदस्ता दल के गठन का निर्देश है। इसके आलोक में किशनगंज जिला अंतर्गत कुल 10 परीक्षा केन्द्रों के लिए 02 उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। उड़नदस्ता दल परीक्षा अवधि के दौरान विभिन्न केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक  संतोष कुमार ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था एवं कदाचार रोकथाम को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी केंद्र पर कदाचार, नियमों की अवहेलना अथवा सुरक्षा व्यवस्था में चूक पाई जाती है तो संबंधित केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी अथवा संविदा कर्मी के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन पाया जाता है तो संबंधित केंद्राधीक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों के साथ-साथ वहां कार्यरत प्रत्येक कर्मी की भी सघन जांच अनिवार्य रूप से की जाए। बायोमेट्रिक, जनरेटर, पेयजल आपूर्ति अथवा अन्य तकनीकी कार्यों से जुड़े कर्मियों को भी समुचित जांच के बाद ही केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाए। परीक्षार्थियों के बैग, मोबाइल फोन एवं अन्य निषिद्ध सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव हेतु समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। सभी संबंधित पदाधिकारी उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

परीक्षा को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने, संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी करने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप एवं टेलीग्राम समूहों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी होटल, लॉज एवं संदिग्ध स्थलों की जांच करने तथा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में स्थित फोटोस्टेट दुकान, इंटरनेट कैफे एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

परीक्षा की निष्पक्षता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में परीक्षा अवधि के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस अवधि में अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही, भीड़-भाड़ एवं अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों पर पूर्ण रोक रहेगी।

केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के सफल संचालन एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के उद्देश्य से प्रत्येक परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व एवं एक दिन बाद तक प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, किशनगंज में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-225152 निर्धारित किया गया है, जिस पर परीक्षा से संबंधित आवश्यक सूचना एवं शिकायतें प्राप्त की जा सकेंगी।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई