‘अभियान बसेरा’ के तहत 29 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित “अभियान बसेरा” के तहत शनिवार को प्रखंड मुख्यालय ठाकुरगंज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड संख्या-02, खोपड़ा पट्टी के 29 भूमिहीन एवं विस्थापित परिवारों के बीच बासगीत पर्चा (भूमि बंदोबस्ती पर्ची) का वितरण किया गया। वर्षों से भूमि अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए यह दिन बड़ी राहत लेकर आया।

ज्ञात हो कि वार्ड संख्या-02 स्थित सरकारी भूमि पर सम्राट अशोक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। भवन निर्माण के कारण वहां वर्षों से निवास कर रहे परिवारों के विस्थापन की स्थिति बनी थी। उस समय प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को शीघ्र बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। अब “अभियान बसेरा” के माध्यम से यह वादा पूरा होने पर लाभार्थियों ने खुशी जताई।

मौजा नेजागच्छ, खाता संख्या-515 एवं खेसरा संख्या-1530 की सरकारी भूमि पर प्रत्येक लाभार्थी के नाम 2.5-2.5 डिसमिल भूमि का बंदोबस्त किया गया है। इसके साथ ही सभी लाभार्थियों को अपनी जमीन पर स्थायी आवास निर्माण का वैधानिक अधिकार प्राप्त हो गया है।


कार्यक्रम के दौरान जिन 29 लाभार्थियों को बासगीत पर्चा प्रदान किया गया, उनमें गणेश सहनी, शिला देवी, शिवनंदन पासवान, अशोक पासवान, राजन सहनी, बाबू पासवान, देवनारायण पासवान, सुभाष सरकार, विष्णु सरकार, अर्जुन पासवान, करण कुमार पासवान, गगन कुमार पासवान, संतोष पासवान, ललित कुमार शर्मा, मोहन पासवान, चंदन कुमार पासवान, शुभम कुमार पासवान, गुदर पासवान, महेंद्र पासवान, विक्की पासवान, दीपक बसाक, मंगला शर्मा, प्रदीप कुमार पासवान, किशन राम, साधना हलदार, विपुल कुमार, सरिता देवी, उर्मिला देवी सहित कुल 29 परिवार शामिल हैं।

बासगीत पर्चा मिलने के बाद लाभार्थियों ने राज्य सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी जमीन पर स्थायी रूप से घर बनाने का अधिकार मिल गया है, जिससे उनके भविष्य को नई सुरक्षा और स्थायित्व प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्ण सिंह पटेल (सिकंदर पटेल), विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने लाभार्थियों को बंदोबस्ती पर्ची सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार भूमिहीन एवं विस्थापित परिवारों को भूमि का कानूनी अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा “अभियान बसेरा” इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!