सागर चंद्रा/ किशनगंज
झाड़ फूंक के चक्कर में पड़ जाने से एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हालांकि तांत्रिक के द्वारा अपने हाथ खड़े करने के बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक के बाद एक 110 वाइल विषरोधी दवा दिये जाने के बाद भी उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान फुलवारी निवासी विक्रम राय के रूप में की गई है। बच्चे की मौत के बाद परिजन रोते-बिलखते हुए शव को लेकर अपने घर वापस लौट गए।
मासूम की मौत ने अस्पताल कर्मियों को भी गम जदा कर दिया। उन्हें इस बात का मलाल था कि लाख कोशिशों के बावजूद मासूम विक्रम को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात सुषुप्तावस्था में एक जहरीले सांप ने विक्रम को काट लिया था। लेकिन उसे घटना का भान तक नहीं हुआ। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे झाड़-फूंक के लिए एक तांत्रिक के पास ले गए।
वहीं तांत्रिक भी सांप के जहर को उतारने का झांसा देकर तरह तरह के करतब करने लगा। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने अपने हाथ खड़े कर दिए। घटना से हैरान और परेशान परिजनों ने विक्रम को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे जीवनदान देने का भरपूर प्रयास किया गया। 110 वाइल विषरोधी दवा दिये जाने के बाद भी उसे बचाया ना जा सका।






















