ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कालपीर पंचायत के भेलागुड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना अपराह्न करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी से कटिहार की ओर जा रही एक ट्रेन की चपेट में आने से भेलागुड़ी निवासी गोविंद मंडल (पिता- शंकर मंडल) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक गोविंद मंडल की पहचान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन गुजरने के दौरान यह हादसा हुआ, हालांकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित रेलवे विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।

ग्रामीणों ने बताया कि गोविंद मंडल मिलनसार एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई