किशनगंज/सागर चंद्रा
शहर के चुड़ी पट्टी में बेतरतीब तरीके से वाहन चलाने के कारण अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। लेकिन जाम में फंसे एक युवक ने जब ई रिक्शा चालक को साइड से चलने का अनुरोध किया तो ई रिक्शा पर सवार लफंगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना में फरसाडांगी निवासी युवक जय नारायण यादव पिता सम्पत लाल यादव को गंभीर चोटें आई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद पीड़ित जय नारायण घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। पीड़ित के लिखित शिकायत पर चुड़ी पट्टी निवासी चंडू और उसके भाई मंडू पिता-अफजल सहित चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।पीड़ित युवक ने बताया कि उन्होंने ई रिक्शा को साइड करने कहा था इसी दौरान वाहन पर बैठे दो युवकों ने उनकी पिटाई कर दी।बाद में बदमाश ने अन्य युवकों को भी बुला लिया और सभी ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी।पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आग्रह किया है।



























