कटिहार – श्रावणी मेला के दौरान बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कटिहार – मनिहारी–कटिहार रेलखंड पर निर्धारित अवधि के लिए दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
कटिहार रेलमंडल के सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा विशेष ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 07540/07539 कटिहार–मनिहारी–कटिहार श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 25 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक कुल 22 फेरों में निर्धारित दिन अप डाउन में परिचालित होगी जबकि ट्रेन संख्या 07542/ 07541 कटिहार– मनिहारी– कटिहार श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 27 जुलाई से 21 अगस्त 2026 तक कुल 8 फेरों के लिए निर्धारित किया गया है।
दोनों स्पेशल ट्रेनें कटिहार, मनिहारी के बीच निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए परिचालित होगी। वही इसके अलावा स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया में ठहरने के साथ पेय जल, अतिरिक्त टिकट काउंट भी खोला जा रहा है। जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।सीनियर डीसीएम श्री सिंह ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत देते हुए समयबद्ध, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील किया कि वे यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा का आनंद लें। श्रावणी मेला के अवसर पर इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से कटिहार एवं मनिहारी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी जिससे उनमें हर्ष व्याप्त है। रेलवे द्वारा समय-समय पर यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाता रहा है।




















