किशनगंज समाहरणालय में सोलर मेले का आयोजन, रूफटॉप सोलर योजना और सरकारी सब्सिडी की दी गई जानकारी

SHARE:


किशनगंज। नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम लोगों को हरित ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को किशनगंज समाहरणालय परिसर में विद्युत विभाग की ओर से एक दिवसीय सोलर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने की।


मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों को ऑनग्रिड एवं ऑफग्रिड सोलर सिस्टम, रूफटॉप सोलर योजना तथा सोलर पैनल लगाने पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान विद्युत विभाग और अधिकृत सोलर एजेंसियों ने विभिन्न प्रकार के सोलर उपकरणों का प्रदर्शन किया तथा उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी।


अधिकारियों ने बताया कि रूफटॉप सोलर पैनल लगाने से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। साथ ही सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है। मेले में मौजूद विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने सोलर परियोजनाओं के लिए किफायती ब्याज दर पर उपलब्ध ऋण योजनाओं की जानकारी भी उपभोक्ताओं को दी।


विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल किशनगंज एवं बहादुरगंज ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ भविष्य का किफायती ऊर्जा स्रोत है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सोलर पैनल लगवाने की अपील की।


मेले में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के अधिकारी, अधिकृत सोलर वेंडर तथा बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान लोगों ने सोलर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं और तकनीकी जानकारी में विशेष रुचि दिखाई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!