जिलाधिकारी नवीन कुमार ने व्यापार सुगमता की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, समयबद्ध और पारदर्शी मंजूरी प्रक्रिया पर जोर
किशनगंज। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश आकर्षित करने और नए उद्यमियों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को महानंदा सभागार में जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में ‘व्यापार सुगमता (ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस)’ एवं ‘जिला व्यापार सुधार कार्य योजना’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को सभी आवश्यक विभागीय स्वीकृतियां एकल खिड़की प्रणाली (सिंगल विंडो सिस्टम) के माध्यम से समयबद्ध, पारदर्शी और डिजिटल प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि नए व्यवसायियों और स्टार्टअप्स के लिए ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जिससे उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
समीक्षा के दौरान राज्य व्यापार सुधार कार्य योजना, जिला व्यापार सुधार कार्य योजना तथा सिंगल विंडो सिस्टम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्यमियों को जमीन आवंटन, भवन नक्शा स्वीकृति, व्यापार लाइसेंस, व्यावसायिक बिजली कनेक्शन, पर्यावरण एवं अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) सहित विभिन्न अनुमतियों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागों में लंबित आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सभी स्वीकृतियां निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्गत की जाएं। उन्होंने कहा कि कागजी प्रक्रियाओं को न्यूनतम करते हुए अधिकतम सेवाओं को डिजिटल बनाया जाए, ताकि उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। इसमें जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, पुलिस उपाधीक्षक (कानून-व्यवस्था), राज्य कर संयुक्त आयुक्त (जीएसटी), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, अवर निबंधक, श्रम अधीक्षक, उत्पाद अधीक्षक, जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम), नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बियाडा के उप महाप्रबंधक, स्टार्टअप जिला समन्वयक एवं उद्योग विस्तार अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि किशनगंज में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जिला उद्योग केंद्र एवं स्टार्टअप सेल के माध्यम से नए उद्यमियों को हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि जिले में उद्योग एवं व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण विकसित हो सके।
























